Blog

06 सितंबर को गोर्खाली समाज धूमधाम से मनाएगा हरितालिका तीज महोत्सव

हरतालिका तीज पर बैरागी कैंप में सजेगा गोर्खाली संस्कृति का रंग।

हरिद्वार, 19 अगस्त। गोर्खाली महिला कल्याण समिति की ओर से आगामी छह सितंबर, रविवार को बैरागी कैंप में हरतालिका तीज पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में गोर्खाली समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पूजा अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


समिति की अध्यक्ष पदमा पांडेय और महामंत्री शारदा सुबेदी ने बताया कि हरतालिका तीज गोर्खाली समाज की महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। पर्व के माध्यम से महिलाएं अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी विरासत से जोड़ती हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में तीज गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महिलाओं के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। कोषाध्यक्ष रेखा शर्मा और तनुजा पांडेय ने कहा कि हरतालिका तीज केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के आपसी मेल मिलाप और सामाजिक एकजुटता का भी अवसर है। समिति की ओर से कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने गोर्खाली समाज की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।
सपना खड़का और चंपा उपाध्याय ने कहा कि तीज पर्व के जरिए गोर्खाली समाज की समृद्ध संस्कृति, लोकगीत और पारंपरिक परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में नई पीढ़ी की महिलाओं और युवतियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं की जानकारी मिल सके। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के लोगों की सहभागिता के साथ पर्व को उल्लास और पारंपरिक रंग में मनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button