

उनकी जाँच के लिए कमीशन बैठाये भाजपा :: हरीश
हरिद्वार। इस्तीफे की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। बेड रेस्ट के बाद हरीश रावत काफिले के साथ फिर से पुराने जोश में नजर आए और हरिद्वार पहुंचकर उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो उनकी जांच के लिए कमीशन बैठाया जाए और उसमें ईडी, सीबीआई समेत सभी जांच एजेंसियों को शामिल किया जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हर चुनाव से पहले उनके घर पर रश्म के तौर पर सीबीआई आती थी। लेकिन इस बार चुनाव से पहले सीबीआई तो नहीं लेकिन उन्होंने ईडी को उनके निजी सचिव के घर भेज दिया। वो तो कह रहे हैं कि ईडी, सीबीआई का झंझट छोड़कर सरकार को एक कमीशन बैठाना चाहिए। उस कमीशन में ईडी, सीबीआई समेत सारे डिपार्टमेंट शामिल कर दो। इसके साथ साथ उनके कार्यकाल के कामों की भी जांच करा लो, यदि हिम्मत है तो कमीशन बैठाओ।
इसके साथ ही हरीश रावत ने कहा कि वो पार्टी के आदेश के अनुसार चलने वाले व्यक्ति हैं। अभी जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलेंगे और उनकी अनुमति लेकर पार्टी का काम करेंगे।
बता दे कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर शहीद स्मारक पर रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद वो कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए हरिद्वार पहुंचे। हरिद्वार में शिवमूर्ति घाट पर उन्होंने मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। मीडिया से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने कहा कि लंबी बीमारी के बाद वो लौटकर वापस आए हैं। उन्हें बचाने के लिए डॉक्टरों और धरती मां के आशीर्वाद का कौशल था। इसलिए उन्होंने सोचा कि वो रामपुर शहीद स्मारक पर शहीदों का धन्यवाद अदा करूं।




