BlogNews

जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ कुंभ मेले का आगाज

मेले के आगाज में ही दिखी अव्यवस्था, आनन फानन में. बदला स्वागत स्थान

मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट कि शुरुआत ही अंधेरे में हुई

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (#Pushkar singh dhami ) के ड्रीम प्रोजेक्ट, अर्धकुम्भ को पूर्ण कुम्भ( #kumbh ) कि तर्ज पर दिव्य भव्य मनाये जाने को उस समय धक्का लगा जब कुम्भ 2027 का पहला ही धार्मिक आयोजन के समय अव्यवस्था देखने को मिली. दरअसल मंगलवार कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही हरिद्वार में कुंभ मेले 2027 की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया। श्यामपुर कांगड़ी से लेकर चंडी घाट चौक तक मेला और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने साधु-संतों का स्वागत किया। हालांकि कुंभ मेले की पहली ही धार्मिक गतिविधि के दौरान अव्यवस्थाएं भी सामने आ गईं। चंडी घाट चौक पर स्वागत के लिए निर्धारित स्थान की हाईमास्ट लाइट बंद होने के कारण अधिकारियों को अंधेरे में खड़े रहना पड़ा। काफी प्रयास के बाद भी लाइट नहीं जली तो आनन-फानन में स्वागत स्थल बदलना पड़ा। वहीं, शहर में दीवारों पर रंगाई-पुताई का काम भी अंधेरे में किए जाने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड सरकार की ओर से अर्धकुंभ को पूर्ण कुंभ की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी के बीच सबसे पहले 13 अखाड़ों में प्रमुख नागा संन्यासियों के सबसे बड़े अखाड़े श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े ने नगर प्रवेश किया।

कुंभ मेले की पहली धार्मिक गतिविधि के दौरान चंडी घाट चौक पर अव्यवस्था देखने को मिली। जिस स्थान पर प्रशासनिक अधिकारियों को साधु-संतों का स्वागत करना था, वहां लगी हाईमास्ट लाइट बंद थी। काफी देर तक अधिकारी अंधेरे में खड़े रहे। बड़े अधिकारियों ने लाइट जलवाने के लिए ऊर्जा निगम और एनएचएआई के अधिकारियों को फोन भी किए, लेकिन इसके बावजूद लाइट नहीं जल पाई। कुछ गाड़ियों को एक लाइन में खड़ा कर रोशनी करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद तत्काल स्वागत स्थल बदलने का निर्णय लिया गया। चंडी घाट चौक से थोड़ी दूरी पर बिरला घाट के पुल पर लगी हाईमास्ट लाइट जल रही थी। लिहाजा संतों के पहुंचने से पहले सभी अधिकारी वहां पहुंच गए और उसी रोशनी में उनका स्वागत किया गया। मुख्य चौराहे की लाइट क्यों बंद थी, इसका जवाब भी अधिकारी नहीं दे पाए। इसके साथ ही कुंभ मेले की तैयारियों के तहत शहर की दीवारों और फ्लाईओवर को रंगों से सजाने का काम भी चल रहा है। लेकिन शहर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण कलाकार अंधेरे में ही पेंटिंग करते नजर आए। कलाकारों के मोबाइल की टॉर्च जलाकर दीवारों पर रंगाई-पुताई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि कुंभ मेले के बजट से इस्तेमाल किए जा रहे रंग वॉटरप्रूफ हैं या नहीं और यदि अंधेरे में पेंटिंग करने से काम खराब होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। कुंभ मेले की शुरुआत के साथ ही सामने आई इन अव्यवस्थाओं ने तैयारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button