चमोली में उफनती नदी का तांडव: तमक के पास वैली ब्रिज बहा, नीती घाटी का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटा


चमोली। चमोली जिले से आज एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नीती घाटी को जोड़ने वाला तमक स्थित वैली ब्रिज उफनती नदी की चपेट में आकर बह गया है। पहाड़ियों पर लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर विकराल रूप ले चुका है, जिसकी तेज धार में यह पुल ढह गया।
पुल के बह जाने से सीमांत क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है। इस वजह से नीती घाटी के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। आवागमन पूरी तरह ठप होने से सीमांत क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर भी संकट गहराने की आशंका बन गई है।
देखे वीडिओ
मामले पर उप जिलाधिकारी (SDM) चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना है कि प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों की टीम को तुरंत मौके का जायजा लेने और क्षेत्र में राहत व बचाव के वैकल्पिक इंतजाम करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
फिलहाल, सीमांत गांवों में फंसे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशी जा रही है।




